May 10, 2026

जनप्रिय और कोमल स्वभाव के धनी

0
WhatsApp Image 2023-03-04 at 6.24.09 AM

मूलांक एक और उनका चरित्र

          आपका व्यक्तित्व अपने आप में दया भावना से पूर्ण है। आपमें सहयोग की भावना विशेष रूप से होती है। स्वयं को पूर्ण में नियंत्रण में रखना आपकी विशेषता है। आप मिजाज से ठंडे, सौम्य और सरल हैं। अधिक उन्नत और सभ्य जीवन जीने की इच्छा आपमें बराबर बनी रहती है। आपके सामने एक उद्देश्य होता है और उसकी पूर्ति ही आपका लक्ष्य होता है। आप समाज के अधिक से अधिक निकट रहने का प्रयास करते हैं इसलिए आप समाज में सम्मानित माने जाते हैं।

व्यक्तित्व के प्रधान लक्षण

        आप जनप्रिय तथा कोमल प्रकृति के व्यक्ति हैं तथा नियम पालन में आप विशेष सतर्क रहते हैं। आपका व्यक्तित्व ठोस होने के चलते आप पर सामन्यतः कोई कीचड़ नहीं उछाल सकता। लोभ-लालच और क्षुद्र भावनाओं से आप दूर रहते हैं। व्यवहार से निष्कपट तथा उदारमना होने के चलते आप स्पष्ट वक्ता होते हैं। शान्तिपूर्वक जीवन जीना आपको प्रिय है। संकट तथा आपत्तिकाल में आपके व्यक्तित्व में विशेष निखार आ जाता है।

मूलांक एक का सक्रिय जीवन

         मित्रों की ओर से आपको पूरा-पूरा सहयोग मिलता है और आप भी अपने अपने मित्रों को सभी प्रकार के पूर्ण सहयोग देते हैं। आपके साथ जिस किसी का भी संपर्क जुड़ जाता है वह टूटता नहीं है। आप परजनहिताय काम करने में विशेष आनंद अनुभव करते हैं।

मूलांक एक का मानसिक संतुलन

     आपका मस्तिष्क उर्वर है और आप नित्य नवीन कल्पनाएं करते रहते हैं। लेकिन आप अपने विचारों में जल्दी परिवर्तन कर लेते हैं जो कि उचित नहीं कहा जा सकता। यात्रा करने का आपको विशेष शौक है। आपका जीवन गतिशील है। समय के साथ-साथ कदम बढ़ाकर चलने की आपमें क्षमता है परन्तु कई बार उतावलापन आपका अहित कर बैठता है। आपको इस संघर्ष में सावधानी बरतनी चाहिए।

कार्य-पद्धति

     अव्यवस्था और फूहड़पन से आपको घृणा है। दैनिक जीवन में आप जो भी काम करते हैं उसमें बुद्धि का पूरा-पूरा योगदान रहता है। मौलिकता आपका विशेष गुण है अतः आपके हरेक काम में मौलिकता जरूर रहती है और यही आपकी सफलता का रहस्य है।

सहयोग और जनसंपर्क

      समाज में आपका सम्मान रहता है। आप बहुत अधिक व्यस्त रहते हुए भी सामाज के कामों में रूचि लेते हैं। छोटे-मोटे व्यक्ति अपनी समस्याएं लेकर आपके पास आते हैं और आप उसका निर्णय कुछ इस प्रकार से देते हैं कि वादी और प्रतिवादी दोनों संतुष्ट हो जाते हैं। वातावरण देखकर उसके अनुकूल अपने आपको ढाल देना आपका विशेष गुण है।

जीवन रहस्य

     विपरीत से विपरीत परिस्थितयों में भी आप हंसमुख बने रहते हैं। प्रत्येक मुसीबत आपको एक कदम और ऊंचा उठाती है। हताश होने की अपेक्षा आप निरंतर अपनी गति से काम करते रहते हैं। कठोर और श्रमसाध्य जीवन ही आपके जीवन का रहस्य है।

मूलांक एक वालों की जन्मजात प्रवृति

      नेतृत्व करने एवं उचित मार्ग निर्देशन करने का आपमें जन्मजात गुण है। आपको चाहिए कि आप इस गुण को अधिक से अधिक बढ़ाएं तथा अपने नेतृत्व को उस स्थान पर पहुंचा दें जहां आपका व्यक्तित्व उठ सके।

आपका आदर्श वाक्य

        अनुशासित जीवन ही वास्तविक जीवन है और यही आपके जीवन का मूल मंत्र है। जीवन की वास्तविकता को आप भली प्रकार से समझते हैं तथा आदर्श जीवन के लिए अपने आपको खपा देना आपका मूल उद्देश्य रहता है। वास्तव में ही संघर्ष में आप जिस प्रकार से अविचलित रहते हैं उससे प्रेरणा ली जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *